9 फाइटर जेट, एक सी-130 विमान, 10 से ज्यादा… यूं घुटनों पर नहीं आया पाक

Operation Sindoor: भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को उसकी औकात दिखा दी थी. भारतीय वायुसेना ने चार दिन के संघर्ष में पड़ोसी देश की सैन्य ताकत को भारी नुकसान पहुंचाया था. इस ऑपरेशन में पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के छह लड़ाकू विमान, दो उच्च-मूल्य वाले विमान, एक C-130 ट्रांसपोर्ट विमान, 10 से ज्यादा अनमैन्ड कॉम्बैट एरियल व्हीकल्स (UCAV) और कई क्रूज मिसाइलें नष्ट की गईं. यह कार्रवाई पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में थी. इसमें 26 पर्यटकों की जान गई थी. ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल आतंकवाद के खिलाफ भारत की शून्य-सहिष्णुता नीति को दर्शाया, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की सैन्य और कूटनीतिक ताकत को भी स्थापित किया.

ऑपरेशन सिंदूर का प्रभाव

समाचार एजेंसी ANI के अनुसार ऑपरेशन सिंदूर 6-7 मई की रात शुरू हुआ और 10 मई तक चला. इस दौरान भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 24 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए. एक गुप्त पाकिस्तानी दस्तावेज के हवाले से पता चला कि भारत ने आठ अतिरिक्त ठिकानों को भी निशाना बनाया. भारतीय वायुसेना ने केवल हवा से लॉन्च की गई क्रूज मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जिसमें सतह से सतह पर मार करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल शामिल नहीं थी. दि हिंदू अखबार की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के राफेल और सुखोई-30 जेट्स ने भोलारी एयरबेस पर हमला कर चीनी विंग लूंग ड्रोन्स और एक स्वीडिश मूल का AEWC (Airborne Early Warning and Control) विमान नष्ट किया. एक अन्य उच्च-मूल्य वाला विमान, जो शायद इलेक्ट्रॉनिक काउंटरमेजर विमान था, सुदर्शन मिसाइल से 300 किमी की दूरी से मार गिराया.

पाकिस्तान को भारी नुकसान

रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में 10 से ज्यादा UCAV और कई क्रूज व बैलिस्टिक मिसाइलों को भी नष्ट किया, जो भारतीय ठिकानों पर हमले के लिए लॉन्च की गई थीं. पाकिस्तान ने अपने हैंगर में मौजूद लड़ाकू विमानों के मलबे को भी नहीं हटाया, जिसके चलते जमीन पर हुए नुकसान को गिनना मुश्किल है. फिर भी, विश्लेषण बताते हैं कि पाकिस्तान की वायु सेना को 20 फीसदी तक नुकसान हुआ. भारी नुकसान के बाद 10 मई की दोपहर को पाकिस्तान ने सीजफायर की मांग की, जिसे भारत ने स्वीकार किया.

Leave a Comment