विराट कोहली का जवाब नहीं, फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेल आरसीबी को बनाया चैंपियन

नई दिल्ली. वे विराट कोहली को शॉर्ट पिच और स्लोअर बॉल करते रहे. नतीजा- 35 गेंद खेलकर 123 की स्ट्राइक रेट. इस पिच पर यह बेहद निराशाजनक है. आईपीएल 2025 फाइनल में विराट कोहली की बैटिंग पर इरफान पठान की यह प्रतिक्रिया रही. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम पंजाब किंग्स के खिलाफ जब पहले बैटिंग करते हुए 190 रन ही बना सकी. तब माइकल क्लार्क ने कहा कि आरसीबी नहीं जीत सकती. इस पिच पर 200 से कम के स्कोर पर नहीं जीता जा सकता. जब दिग्गज ही विराट की पारी को नहीं समझ पा रहे थे तो ट्रोल्स की कौन कहे.

कोई शक नहीं फाइनल का रिजल्ट होने से पहले ही विराट कोहली ट्रोल होने लगे थे. यह कुछ वैसा ही था जैसा एक साल पहले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में था. तब भी विराट ने भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाए थे. लेकिन जब तक भारत जीता नहीं था तब तक विराट के आलोचक सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने में खूब एक्टिव थे. जल्दबाज ट्रोल्स बार-बार यह जताते रहे कि उन्हें क्रिकेट के बारे में विराट कोहली से ज्यादा पता है.

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) का फाइनल मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया. पंजाब किंग्स ने बैटिंग की मददगार पिच पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. इस पिच पर 200 से बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही थी लेकिन आरसीबी 190 रन ही बना सकी. आरसीबी के लिए विराट कोहली ने सबसे अधिक 43 रन बनाए लेकिन उन्हें धीमी पारी के लिए ट्रोल भी किया गया.

पंजाब किंग्स की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की. उसने एक समय 1 विकेट पर 72 रन बना लिए थे. लेकिन इसके बाद गेंदबाजों ने जल्दी-जल्दी विकेट झटककर आरसीबी की वापसी करा दी. आखिर में पंजाब किंग्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 184 रन ही बना सकी. इस तरह आरसीबी ने 6 रन से मैच जीत लिया और 18 साल का ट्रॉफी का इंतजार खत्म किया.

आरसीबी के लिए इस मुकाबले में टॉप-5 बैटर्स ने 20 रन से ज्यादा बनाए. कप्तान रजत पाटीदार 26, लियाम लिविंग्सटन 25, मयंक अग्रवाल 24 और जीतेश शर्मा 24 रन बनाकर आउट हुए. रोमारियो शेफर्ड ने 17 और फिल सॉल्ट ने 16 रन बनाए.

Leave a Comment